
कुरुक्षेत्र, 01 दिसंबर (गुरमीत दुग्गल)। आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के त्रिवार्षिक चुनाव में इस बार कैथल के प्रसिद्ध समाजसेवी राधाकृष्ण आर्य ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विशुद्ध आर्य समाजी परिवार में जन्मे, साफ-स्वच्छ छवि, मिलनसार और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी राधाकृष्ण आर्य को निर्विरोध सभा का प्रधान चुना गया है। सभा के नवनिर्वाचित प्रधान राधाकृष्ण आर्य गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे जहां पर गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, उप प्रधान सतपाल काम्बोज, निदेशक कर्नल अरुण दत्ता, प्राचार्य सुबे प्रताप, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य, मुख्य लेखा अधिकारी सतपाल सिंह, लेखा अधिकारी अनिल कुमार, दिलबाग सिंह, महक सिंह, प्रवीण कुमार, अशोक कुमार आदि ने पुष्प-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इसी क्रम में वेद प्रचार के वरिष्ठ भजनोपदेशक महाशय जयपाल आर्य, जसविन्द्र आर्य, कैथल प्रभारी मनीराम आर्य ने भी राधाकृष्ण आर्य को बधाई व शुभकामनाएं दीं। राधाकृष्ण आर्य महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी सहित गुरुकुल परिवार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभा के प्रधान के रूप में उन्हें जो बड़ी जिम्मेदारी आर्य समाज के लोगों ने सौंपी हैं उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे साथ ही आर्य समाज और ऋषि दयानन्द के अमर संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और आर्य प्रतिनिधि सभा के माध्यम से समाज में फैली बुराइयों को दूर करने का भरसक प्रयास करेंगे।
