कांग्रेस की रीढ़ है वाल्मीकिन समाज, डॉ. राजकुमार वेरका को डिप्टी सीएम बनाकर समाज को सम्मान दे पार्टी हाईकमान : धींगान

Share and Enjoy !

Shares

सफाई कर्मचारी व सीवरेज मैन पक्के करने पर कैबिनेट मंत्री आशू का सम्मान किया

लुधियाना (राजकुमार साथी)। पंजाब सरकार की ओर से लंबे समय से अस्थाई तौर पर काम करते आ रहे सारे सफाई कर्मचारियों व सीवरेज मैनों को पक्का करने का फैसला लेने पर नगर निगम कर्मचारी यूनियन व आल इंडिया सफाई मजदूर कांग्रेस ने सरकार व पार्टी हाई कमान का धन्यवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू को सम्मानित किया। आशू का मुंह मीठा कराने पहुंचे शिष्टमंडल की अगवाई करते हुए यूनियन व सफाई मजदूर कांग्रेस के चेयरमैन नरेश धींगान ने कहा कि पंजाब सरकार की शुक्रवार को हुई मंत्रीमंडल की मीटिंग में अस्थाई मुलाजिमों को पक्का करने व छठा वेतन आयोग लागू करने का ऐतिहासिक फैसला किया है। इसके लिए हमारी नगर निगम कर्मचारी यूनियन, आल इंडिया सफाई मजदूर कांग्रेस व भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) पार्टी हाईकमान, मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, स्थानीय निकाय मंत्री ब्रहम महिंदरा, पंजाब वेयरहाऊस के चेयरमैन डॉ. राजकुमार वेरका व लुधियाना के मेयर बलकार सिंह संधू का तहेदिल से धन्यवाद करती है। सरकार के फैसले के कारण नामात्र वेतन पर लंबे समय से काम करते आ रहे अस्थाई मुलाजिमों के परिवार भी भरपेट भोजन कर सकेंगे और उनके बच्चे भी अच्छे स्कूल में शिक्षा हासिल कर सकेंगे। इससे सफाई कर्मचारियों व सीवरेजमैनों का जीवन स्तर भी ऊंचा उठ सकेगा। उन्होंने कहा कि दो हफ्ते पहले लुधियाना के मेयर बलकार सिंह संधू ने हमारी यूनियन की मीटिंग चंडीगढ़ में स्थानीय निकाय मंत्री ब्रहम महिंदरा से कराई थी। जिसमें यूनियन ने पंजाब की सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों में लंबे समय से काम कर रहे सफाई कर्मचारी व सीवरेज मैनों को पक्का करने की मांग की थी। यूनियन ने निकाय मंत्री से यह भी मांग की थी कि इन कर्मचारियों को पक्का करते समय 3 या 5 साल की कोई शर्त न रखी जाए तथा जिस भी मुलाजिम का प्रोविडेंट फंड काटा जाता है, उसे पक्का किया जाना चाहिए। चार दिन पहले भी यूनियन ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के ओएसडी अंकित बांसल को मांग पत्र देकर सभी अस्थाई कर्मचारियों को पक्का करने की अपील की थी। इससे पहले भी नगर निगम कर्मचारी यूनियन पंजाब, आल इंडिया सफाई मजदूर कांग्रेस व भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) कई बार कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र भेजती रही है। कैबिनेट मंत्री आशू ने भी यूनियन की इस मांग का समर्थन करते हुए कर्मचारियों को पक्का कराने में अहम भूमिका निभाई है। इस लिए आज यहां पर उनका धन्यवाद व सम्मान किया गया है। नरेश धींगान ने कहा कि वाल्मीकिन / मजहबी समाज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के कार्यकाल से ही कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी रहा है। इसी वजह से पार्टी भी हमेशा समाज को सम्मान देती आ रही है। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस), नगर निगम कर्मचारी यूनियन व आल इंडिया सफाई मजदूर कांग्रेस माननीय मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व पार्टी हाई कमान से अमृतसर से विधायक डॉ. राजकुमार वेरका को डिप्टी सीएम बनाने व विधायक कुलदीप सिंह वैद को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग करती है। ताकि कुछ समय से कांग्रेस से दूर हुआ बाकी वाल्मीकिन व मजहबी समाज भी पार्टी के साथ पूरी तरह जुड़ सके। इस मौके पर भावाधस के राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री राजकुमार साथी, रामपाल धींगान, धर्मवीर अनार्य, नगर निगम कर्मचारी यूनियन के प्रधान राकेश चनालिया, नीरज सुबाहू, पिंका चंडालिया, सुभाष सौदे, सुरेश शैली, सुधीर बिडला, विकास सौदे, भोपाल सिंह पुहाल, प्रदीप लांबा, राजू नाहर, हैप्पी राहत, सफाई मजदूर कांग्रेस के प्रधान रमन सिद्धू, मदन लाल जोश, मोनू घारू, आकाश लोहट, रमेश बिट्टू, जतिंदर फौजी, राकेश ढंढारी, कबाड़ी राम व राजन पार्चा भी मौजूद रहे।

About Post Author

Share and Enjoy !

Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.