
– पटेग हैल्थकेयर साहा रोड पर रोपित किए 1230 पौधे
(गुरमीत दुग्गल) कुरुक्षेत्र/शाहाबाद।
रोटरी क्लब शाहाबाद द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कल्याणा में 15 पंखे दिए गए, जबकि पटेग हैल्थकेयर साहा रोड पर 1.5 एकड़ जमीन में विभिन्न किस्मों के 1230 पौधे रोपित किए गए। गांव कल्याणा में कार्यक्रम की शुरूआत स्कूल अध्यापिका रेखा रानी ने की। उन्होंने स्कूल में पहुंचे सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि रोटरी एक ऐसी संस्था है, जो समाज के लिए कार्य करती रहती है। प्रिंसिपल प्रितपाल सिंह ढिल्लों ने आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रोटरी एक ऐसी संस्था है, जो स्कूलों में बच्चों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाती है। आज रोटरी क्लब ने विद्यालय को 15 पंखे दिए हैं। इससे पहले वॉटर कूलर, स्कूल बैंच भी रोटरी क्लब द्वारा ही दिए गए है। सभी पंखे प्रितपाल सिंह ढिल्लों द्वारा रोटरी के सहयोग से स्कूल को दिए गए। इसी के साथ पूर्व प्रधान राज कुमार गर्ग ने अपने समय में समाज के लिए किए कार्यों के बारे में जानकारी दी। डॉ. एसएस आहूजा ने कहा कि स्कूल के स्टॉफ को भी स्कूल की सेवाएं पूरा करने के लिए सहयोग देना चाहिए। रोटरी प्रधान महेश गोयल ने कहा कि रोटरी क्लब कई सालों से सरकारी स्कूलों में पंखे, बैंच, वॉटर कूलर, स्वैटर, जुराबे, जूते इत्यादि वितरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस वर्ष अपनी पूरी क्षमता से कार्य करता रहूँगा। इसके बाद रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने पटेग हैल्थकेयर साहा रोड स्थित 1.5 एकड़ भूमि में 1230 अलग-अलग प्रकार के पौधे रोपित किए। इस प्रोजेक्ट के चेयरमैन रो. एसएस खुराना ने बताया कि वातावरण को शुद्ध रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे रोपित करने चाहिए। क्योंकि वृक्षों से हमें आक्सीजन मिलती है, जो हमारे जीवन का आधार है। इस अवसर पर रोटरी सचिव राजेश जैन, विक्रम गुप्ता, आरएस घुम्मन, जसमीत खुराना, स्कूल के अध्यापक गीता रानी, मोनिया, गुरमेल, सरोज देवी, सुखविन्द्र सिंह, गुरविन्द्र, परवेश, सुमित आदि मौजूद रहे।