
कुरुक्षेत्र, 01 दिसंबर (गुरमीत दुग्गल)। नवयुग सी. सै. स्कूल, मोहन नगर कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने अंतराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। हरियाणा ग्रंथ अकैडमी के द्वारा इस अवसर पर पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है जिसमें की हरियाणा ग्रंथ अकैडमी के अतिरिक्त अन्य कई प्रकाशकों की पुस्तकें प्रदर्शित की गई हैं। विद्यार्थियों ने इस पुस्तक मेले में पुस्तकों का अवलोकन करने के पश्चात पुस्तकों के महत्व के बारे में एक रैली निकाली। बच्चों के हाथों में अलग अलग प्रकार के पोस्टर थे जिनपर पुस्तकों के महत्व के बारे में कई स्लोगन लिखे हुए थे। मेला परिसर में सभी पर्यटक विद्यार्थियों का उत्साह देखकर आश्चर्यचकित रह गए एवं वहां स्टाल लगाए हुई अन्य संस्थाओं ने भी विद्यार्थियों के संदेश को खूब सराहा। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य रिद्धिमा ने उपस्थित विद्यार्थियों एवम अतिथियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकें ज्ञान का भंडार हैं और युवा वर्ग को डिजिटल युग की चका चौंध से विमुख नहीं होना चाहिए क्योंकि पुस्तकें हमेशा हमारा साथ देने वाले हमारा मित्र हैं। तत्पश्चात हरियाणा ग्रंथ अकादमी के पुस्तक मेले में विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुतियां दी गई। छात्रा हिमांशी ने गीता महोत्सव के उपलक्ष में एक भजन के द्वारा भगवान कृष्ण के प्रति अपना स्नेह दर्शाया। छात्रा कीर्ति ने 18 अध्यायों से एक-एक श्लोक का बहुत प्रेम से उच्चारण किया। इसके साथ ही सिमरप्रीत ने गुरु तेग बहादुर को याद करते हुए उनके बलिदान को अपने शब्दों में बताया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा एक भजन की प्रस्तुति भी दी गई। मौके पर उपस्थित लोगों ने सभी बच्चों को खूब सराहा। हरियाणा ग्रंथ अकादमी के संयोजकों की ओर से बच्चों को मेडल,सर्टिफिकेट और रिफ्रेशमेंट दी गई।अकादमी की तरफ से विद्यालय को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य श्रीमती रिधिमा , कॉर्डिनेटर ऋतु अध्यापिका रीना आदि उपस्थित रहे।
