
(गुरमीत दुग्गल) कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। आम आदमी पार्टी के हल्का अध्यक्ष हरबंस लाल कश्यप, डॉ. रोहताश रंगा एडवोकेट नलवी और दीवान सिंह राणा ने हल्का के गांव गोलपुरा व छोड़पुर मे लोगों से बढ़ती हुई महंगाई और प्रदेश में बिगड़ती कानूनी व्यवस्था के बारे में चर्चा की। चर्चा मे लोगों ने खुल कर कहा कि आज छोटे दुकानदार, मजदूर, किसान केन्द्र सरकार की तानाशाही नीतियों से बर्बाद होने की कगार पर है। एक तरफ तो नरेंद्र मोदी सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास का नारा लगा रहे है, दूसरी ओर खाद्य पदार्थों पर टैक्स लगा कर आम आदमी का जीना मुश्किल किया जा रहा हैं। आज बढ़ती हुई गुंडागर्दी से लोग खुद को काफी भयभीत व असुरक्षित महसूस कर रहे है। नई नई जन-विरोधी योजनाओं को लागू करके देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा हैं। बेरोजगारों की फौज तैयार की जा रही है। इस मौके पर आप टीम ने लोगों को विश्वास दिलाया कि प्रदेश और केंद्र में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी रोजगार को हर घर तक मुहैया कराया जाएगा।