फगवाड़ा (शिव कौड़ा) : श्री हनुमान जयंती के पावन अवसर पर आबादी आश्रम प्राचीन शिव मंदिर जीटी रोड फगवाड़ा में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन मंडल श्री महंत कश्मीर गिरी (आरएसएसपी) की अध्यक्षा में किया गया। प्रात: हवन यज्ञ के पश्चात श्री हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। कश्मीर गिरी महाराज ने सभी को श्री हनुमान जयंती की शुभकामनाएँ दी तथा कहा कि श्री हनुमान जी भगवान शंकर के अंश अवतार हैं जिन्हें माता सीता की ओर से कलियुग में भी चिरंजीवी रहने का अमर वरदान प्राप्त है। श्री रामभक्त, रामदूत, अंजनी पुत्र, केसरी नंदन पवन पुत्र सहित अन्य अनेकों नामों से विख्यात श्री हनुमान जी, बल, बुद्धि एवं विद्या के ज्ञाता और गुणों के भण्डार हैं। जिनकी स्तुति करने मात्र से सभी कष्टों का स्वत: ही निवारण हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमें प्रति दिन श्री हनुमान चालीसा का पाठ और सात्विक भोजन का ही सेवन करना चाहिए। ऐसा करने से आचार एवं व्यवहार शुद्ध तथा शरीर निरोगी रहता है। इस अवसर पर श्री राजेश शर्मा, आदित्य मैनन, संजीव शर्मा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।