अपनी जुबान के पक्के नहीं हैं पीएम : प्रियंका

Share and Enjoy !

Shares

अपनी जुबान के पक्के नहीं हैं पीएम : प्रियंका

कांग्रेस की किसान महापंचायत में उमड़ा किसानों का सैलाब

सहारनपुर (एसएम दानिश)। चिलकाना–पठेड़ मार्ग पर पड़ते इंटर कॉलेज के मैदान में हुई किसान महापंचायत में किसानों का सैलाब उमड़ पड़ा। इसमें कांग्रेस की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रिंयका वाड्रा ने विशेष तौर पर शिरकत की। महापंचायत को लेकर कांग्रेस ने भव्य तैयारियां की और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा–व्यवस्था का चौक–चौबंद रखा। अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ–साथ ड्रोन से भी महापंचायत स्थल की निगरानी रखी। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुजफ्फर सैनी ने बताया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता कई दिनों से तैयारियां में जुटे थे। प्रियंका वाड्रा दिल्ली से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंची।

हवाई अडडे पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे यहां से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के लिए प्रस्थान कर गई। वहां से मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद वे किसान महापंचायत में भाग लेने पहुंची। इनके साथ पूर्व विधायक इमरान मसूद भी मौजूद रहे। महापंचायत स्थल पर किसानों का जन सैलाब उमड़ा था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सारे प्रोग्राम की कमान संभाल रखी थी। 

इस मौके कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम अपनी जुबान के पक्के नहीं हैं। उनका 56 इंच का सीना केवल खरबपतियों के लिए ही धडक़ता है। किसान का बेटा सीमा पर शहीद होता है, किसान का ही बेटा पीएम की सुरक्षा करता है, लेकिन प्रधानमंत्री किसान को नहीं पहचान रहे। वह उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार केंद्र में आते ही पहला काम इन कृषि कानूनों को रद्द करना होगा। प्रिंयका ने कहा कि मोदी सरकार की ओर से बनाए गए नए खेती कानून राक्षस हैं और इनसे जमाखोरी के दरवाजे खुलेंगे।

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने जमा खोरी बंद कराई थी। जबकि यह नया कानून खरबपतियों की मदद करेगा। आपकी फसल कैसे खरीदी जाए, यह खरबपति तय करेंगे। सरकारी मंडी डम्प हो जाएंगी। जमाखोर प्राइवेट मंडी में सामान डम्प करेंगे, जब चाहेंगे माल निकालेंगे। पीएम मोदी ने कहा था कि सत्ता में आते ही 15 हजार करोड़ का गन्ना भुगतान ब्याज समेत होगा, जो अब तक नहीं हुआ। किसानों को आतंकवादी और आंदोलनजीवी कहकर अपमानित किया जा रहा है। किसान 78 दिन से दिल्ली बॉर्डर पर हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को उनकी कोई चिंता नहीं है। प्रियंका ने कहा कि यह अस्तित्व का आंदोलन है, इस कारण पीछे मत हटिए, कांग्रेस हर तरह से उनके साथ है।

About Post Author

Share and Enjoy !

Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.