हरियाणा ने सील किया पंजाब बॉर्डर, धरने पर बैठे किसान

Share and Enjoy !

Shares

हरियाणा ने सील किया पंजाब बॉर्डर, धरने पर बैठे किसान

लुधियाना (राजकुमार साथी)। खेती बिलों के खिलाफ दिल्ली के जंतर–मंतर पर धरना देने जा रहे पंजाब के किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने पंजाब से लगते सभी बॉर्डर सील कर दिए हैं। जिसके चलते बॉर्डर पर पहुंचे लाखों किसानों ने वहीं पर धरना दे दिया। उधर, पंजाब पुलिस ने कहा है कि किसानों को हरियाणा जाने से नहीं रोका जाएगा। हरियाणा पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए हर तरह बेरिकेटिंग कर रखी है। पंजाब की ओर से आने वाले किसी भी वाहन को हरियाणा में दाखिल नहीं होने दिया जा रहा। टोहाना में ड्यूटी मजिस्ट्रेट गौरव कांसल की उपस्थिति में पुलिस प्रशासन की हर हलचल पर नजर है। जबकि महिला पुलिस कर्मी भी डंडे लेकर डयूटी पर तैनात हैं। लाउडस्पीकर पर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए किसान पैदल ही आगे बढ़ रहे हैं। रोकने पर किसानों ने सडक़ पर ही धरना शुरू कर दिया।

कृषि कानूनों के विरोध में टोहाना में पंजाब के 7 जिलों के सैकड़ों किसान जमा है। जिसमें फाजिल्का जिले से प्रधान प्रगट सिंह, मुक्तसर जिले से सुखदेव सिंह, फरीदकोट जिले से बोहर सिंह, बठिडा जिले से बलदेव सनोहा, बरनाला जिले से जसपाल सिंह, संगरूर जिले से गुरलाल व रण सिंह तथा लुधियाना जिले से 500 किसान सीमा पर डटे हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव काका सिंह ने कहा कि वह दिल्ली जरूर जाएंगे। जिला में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा शरारती तत्वों का जिले में प्रवेश रोकने के लिए उपायुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने धारा 144 लगाने के आदेश दिए है। किसानों संगठनों के दिल्ली कूच के मद्देनजर हिसार रेंज के महानिरीक्षक संजय कुमार, उपायुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पंजाब के साथ लगते क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पंजाब के किसानों को रोकने के लिए हरियाणा बार्डर पर 5 हजार जवान तैनात किए गए हैं।

हरियाणा बार्डर पर बुधवार को डीसी जींद डा. आदित्य दईया व आईजी हिसार रेंज ओपी नरवल ने स्थिति का जायजा लिया। आईजी ओपी नरवल ने किसानों से कहा कि वे हरियाणा की सीमा में दाखिल होने का प्रयास न करें। राज्य सरकार ने यहां धारा 144 लागू कर दी है। किसानों या किसी अन्य को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा क पांच हजार पुलिस व रेपिड एक्शन फोर्स के जवान तैयार किए हैं। उधर, पातड़ा के एसपी ट्रैफिक पलविंदर सिंह चीमा व एसडीएम पल्लिका अरोड़ा ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था बिगडने से रोकने के लिए ट्रैफिक को अन्य रास्तों पर डायवर्ट कर दिया गया है। साथ ही कानून–व्यवस्था बनाए रखने के पूरे प्रबंध किए गए हैं। किसानों से भी अपील की गई है कि वह नियमों का पालन करते हुए शांति बनाए रखे। पंजाब के किसानों को हरियाणा से जाने से नहीं रोका जाएगा।

About Post Author

Share and Enjoy !

Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published.