
कुरुक्षेत्र, 03 जनवरी (दुग्गल)। एसडीएम सुरेंद्र पाल व ईओ थानेसर द्वारा दिए गए अतिक्रमण हटाने के आदेशों की अनुपालना में मंगलवार को नगर परिषद की टीम मुख्य सफाई निरीक्षक की देखरेख में बाजारों में पहुंची। खासकर रेलवे रोड पर मिल रही अतिक्रमण की शिकायतों पर अमल करते हुए नप की टीम ने इसी रेलवे रोड, कंडा चौक, परशुराम चौक, कैसल मॉल के सामने अतिक्रमण हटाने का काम किया। नप की टीम को देखते ही दुकानदारों द्वारा बाहर सड़क पर सजाया हुआ सामान आनन-फानन में दुकानों के अंदर करते हुए दिखाई दिए। टीम की सख्ती को देख दुकानदारों द्वारा अपना सामान दुकानों के अंदर ही रखना उचित समझा। बीआई रवि खुरबंदा ने बताया कि जाम लगने से जहां सड़कें तो सिकुड़ती हैं साथ वाहन ही चालकों द्वारा दुकानों के बाहर रखे सामान से टक्कर होने का भी खतरा बना रहता है। इस वजह से कई बार हादसे भी होते है। दुकानदारों द्वारा तय जगह से बाहर सडक पर सामान रखने से अकसर वाहन चालकों को जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ता है। ऐसे में दुकानदारों को स्वयं अपनी जिम्मेवारी समझते हुए सामान को दुकानों के अंदर ही रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपायुक्त शांतनु शर्मा, एसडीएम सुरेंद्र पाल, जिला नगर आयुक्त अश्विनी मलिक व कार्यकारी अधिकारी के आदेशानुसार अतिक्रमण हटाओं अभियान इसी प्रकार आगे भी जारी रहेगा। मंगलवार को कृष्णा गेट एसएचओ को साथ लेकर शहर के रेलवे रोड, कंडा चौक, परशुराम चौक, कैसल मॉल के सामने अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया गया है। इस दौरान सडक पर बाहर खड़े वाहनों, रेहड़ियों, सड़क पर रखी गई कुर्सियों, मेज आदि को नप की टीम द्वारा जब्त किया गया। इस अवसर पर अनूप सिंह, राजेश कुमार, राजन छाबड़ा, दरोगा राकेश, दरोगा विकास, दरोगा राजेंद्र आदि मौजूद थे।