
फगवाड़ा (शिव कौड़ा) ऑल इंडिया एंटी करप्शन फोरम का एक शिष्टमण्डल जिला प्रधान चन्द्रशेखर खुल्लर तथा जिला महासचिव रमन नेहरा के नेतृत्व में नगर निगम फगवाड़ा की नव नियुक्त कमिशनर कम ए.डी.सी. नयन जस्सल से मिला। इस दौरान फोरम के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट करके नयन जस्सल का फगवाड़ा में नियुक्ति पर स्वागत करने के पश्चात फगवाड़ा के लोगों के लिए गंभीर समस्या बने हुए कुछ बिन्दुओं की तरफ उनका ध्यान आकर्षित किया। खुल्लर तथा नेहरा ने मिस जस्सल को बताया कि फगवाड़ा में कोरोड़ों रुपए की लागत से बंगा रोड पर बनाई गई मल्टी स्टोरी पार्किंग तथा रैस्ट हाऊस के नजदीक बनाये गए ऑडिटोरियम कार्पोरेशन की अन्देखी की वजह से खण्डहर हो रहे हैं। पार्किंग को ठेके पर देकर तथा आडिटोरियम को धार्मिक तथा समाजिक संस्थाओं को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भाड़े पर देकर अच्छी आमदनी हो सकती है जिसे शहर के विकास पर खर्च किया जा सकता है। इसके अलावा शहर की घनी आबादी में लगे कचरे के डंपों, खराब स्ट्रीट लाईटों, बाजारों में अवैध अतिक्रमण तथा बरसाती पानी की निकासी से संबंधित अनेक समस्याओं से अवगत करवाते हुए उचित समाधान करवाने की मांग की। ए.डी.सी. जस्सल ने बताया कि अवैध अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है उसके बाद कार्यवाही होगी तथा अन्य समस्याओं का संभव समाधान, शहर का समुचित विकास करवाना और शहर को सुन्दर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। रमन नेहरा ने विश्वास जताया कि ए.डी.सी. नयन जस्सल के नेतृत्व में फगवाड़ा शहर विकास के रास्ते पर तेजी के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा को असुविधा रहित तथा सुन्दर शहर बनाने में ऑल इंडिया एंटी करप्शन फोरम की तरफ से नगर निगम का हर संभव सहयोग किया जायेगा। इस अवसर पर फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.के. शर्मा, उप प्रधान बलराज दुग्गल, सरबजीत सिंह मिटठू, अश्वनी बघानिया, धीरज कुमार पी.आर.ओ. शैली गांधी आदि उपस्थित थे।